राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दीपावली के बाद अब दिल्ली के रेलवे स्टेशनों पर छठ पूजा में घर जाने वाले यात्रियों की भीड़ बढ़ने लगी है। यात्रियों के लिए विशेष ट्रेनें चलाने के साथ ही स्टेशनों पर छठ पूजा के गीत गूंज रहे हैं। बुधवार को दिल्ली के रेलवे स्टेशनों से पूर्व दिशा की 31 विशेष ट्रेन चलेंगी।
दिल्ली के रेलवे स्टेशनों विशेषकर नई दिल्ली, आनंद विहार टर्मिनल पर पूर्व दिशा के यात्रियों की भीड़ अधिक पहुंच रही है। पुरानी दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन और शकूरबस्ती से भी विशेष ट्रेन चलाई जा रही हैं। मंगलवार को दिल्ली क्षेत्र के प्रमुख रेलवे स्टेशनों से कुल 27 विशेष ट्रेनें चलाई गईं।