संवाद सूत्र, बरकाकाना (रामगढ़)। जिले के पोचरा गांव की बेटियों ने अपनी प्रतिभा मेहनत और शानदार खेल प्रदर्शन के दम पर झारखंड में रामगढ़ का मान बढ़ाया। दुमका में आयोजित 9 वीं मिनी झारखंड राज्य वॉलीबॉल चैंपियनशिप-2026 के अंडर-14 बालिका वर्ग में पोचरा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
फाइनल मुकाबले में टीम ने पूर्वी सिंहभूम को पराजित कर खिताब अपने नाम किया। टीम की इस शानदार सफलता में कोच बसंत नायक की अहम भूमिका रही। उनके निरंतर प्रशिक्षण मेहनत और मार्गदर्शन का परिणाम है कि ग्रामीण क्षेत्र की इन बेटियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।