जागरण संवाददाता, कानपुर। उत्तर-पश्चिमी हवा की निरंतरता ने कानपुर में रात की ठंड बढ़ा दी है। शनिवार रात न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस महीने का अब तक का सबसे कम तापमान है। बीते आठ दिनों में रात के तापमान में 5.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। एक नवंबर को न्यूनतम तापमान 20 डिग्री था, जो आठ नवंबर को घटकर 14.6 डिग्री पर पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में रात के तापमान में और गिरावट हो सकती है।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार, अगले 24 घंटों में कानपुर का मौसम साफ और शुष्क रहेगा। वर्षा की कोई संभावना नहीं है। दिन में धूप खिलेगी, जबकि सुबह और रात के समय हल्की ठंडक के साथ धुंध का असर दिख सकता है। मौसम विशेषज्ञ डा. एसएन सुनील पांडेय का कहना है कि उत्तर-पश्चिमी हवा की गति भले ही अधिक नहीं है, लेकिन इसकी निरंतरता बनी हुई है। हिमालय की ओर से आ रही ठंडी हवा रात के तापमान में गिरावट ला रही है।