जागरण संवाददाता, आगरा। देहरी पर रंगोली के रंग बिखरने को तैयार हैं। फूलों और बंदनवार से मां महालक्ष्मी के स्वागत की तैयारी है। घरों में दीपों की कतार सजाने, पूजन की थाली संवारने और पकवान बनाने की हलचल है तो बाजारों में मिठाइयों की मिठास, फूलों की खुशबू और रंग-बिरंगी झालरों की चमक दीपोत्सव की खुशियों को दोगुना कर रही है।
रविवार को कार्तिक अमावस्या पर दीपावली का पर्व श्रद्धा, उल्लास और उमंग के साथ मनाया जा रहा है। घरों से लेकर व्यापारिक प्रतिष्ठानों तक मां महालक्ष्मी और भगवान गणेश के स्वागत की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।