जागरण संवाददाता, अयोध्या। रामनगरी के हजारों वर्षों के इतिहास, आस्था, संघर्ष और पुनरुत्थान की यात्रा अब दुर्लभ दस्तावेजों, पांडुलिपियों, ऐतिहासिक चित्रों और मानचित्रों के माध्यम से देखी जा सकेगी। दीपोत्सव-2026 के अवसर पर रामकथा पार्क में ‘अयोध्या : आस्था, संघर्ष और पुनरुत्थान’ शीर्षक से विशेष प्रदर्शनी लगाई गई है। यह प्रदर्शनी आठ और नौ नवंबर को आमजन के अवलोकन के लिए खुली रहेगी।

प्रदर्शनी में अयोध्या की प्राचीन आध्यात्मिक विरासत, सूर्यवंश की परंपरा, सरयू का महत्व और ''''अयोध्या माहात्म्य'''' में वर्णित महिमा से लेकर वर्ष 1528 के ऐतिहासिक प्रसंग, सिख परंपरा, 1855 व 1858 की घटनाएं, 1885 में महंत रघुबर दास की ओर से दायर मुकदमा और 1949 की घटनाओं को क्रमबद्ध तरीके से दर्शाया गया है।