जागरण संवाददाता, अयोध्या। मां सरयू की लहरों पर दीपों की सुनहरी आभा चमक रही थी। घाटों पर सजे दीप, हवा में घुलती अगरबत्ती की सुगंध और घंटियों की गूंज के बीच मां सरयू की आरती का दिव्य दृश्य साकार हुआ। आरती में प्रज्ज्वलित दीप जब लहरों के सामने आए तो जल में उनकी परछाइयां झिलमिलाने लगीं।
इसी भक्तिमय वातावरण में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां सरयू की आरती उतारी। नित्य सरयू महाआरती के लिए निर्मित विशेष स्थल पर मुख्यमंत्री द्वारा आरती किए जाने के साथ ही यह घाट दीपोत्सव के आध्यात्मिक वैभव का नया साक्षी बना। श्रद्धा, आस्था और आध्यात्मिक उल्लास से संपूर्ण सरयू तट का वातावरण राममय हो उठा।

नित्य सरयू महाआरती स्थल पर सीएम योगी ने उतारी आरती