जागरण संवाददाता, गयाजी। दीपावली शुद्धता, स्वच्छता और समृद्धि का पर्व माना जाता है। इसको लेकर शहर में कई दिनों से तैयारियां चल रही हैं।
घरों की साफ-सफाई से लेकर सजावट और पूजा-पाठ की सामग्री की खरीदारी में लोग जुटे हैं। दीपावली पर मां लक्ष्मी की पूजा का विशेष महत्व होने के कारण फूलों के बाजार में भी रौनक बढ़ गई है।
शहर के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है तो फूल-माला की दुकानों पर भी खरीदारों की कतार लग रही है। विशेष रूप से कमल और गेंदे के फूल की मांग अधिक है।