जागरण संवाददाता, यमुनानगर। दीपावली पर घरों में मिठाइयां और पकवान बनते हैं। लोग एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशियां बांटते हैं, लेकिन कई लोगों के लिए दो वक्त का भोजन जुटाना भी मुश्किल होता है। भोजन की बर्बादी रोककर जरूरतमंदों तक खाना पहुंचाने की सोच के साथ ग्रीन विहार कालोनी की प्रिया अरोड़ा ने महज 17 साल की उम्र में रोटी बैंक शुरू किया।
गुरु नानक गर्ल्स कॉलेज में सहेलियों के टिफिन से बची रोटियां जुटाने से शुरू हुई यह पहल अब शांति फाउंडेशन के माध्यम से 20 हजार लोगों तक पहुंच चुकी है। प्रिया की इस मुहिम में 25 सहयोगी जुड़े हैं, जो नौकरी और कारोबार के साथ समाजसेवा करते हैं। टीम के सदस्य इस काम के लिए वेतन नहीं लेते और अपनी आजीविका से ही सहयोग करते हैं।