जागरण संवाददाता, गोरखपुर। छठ महापर्व पर व्रतियों और श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर निगम क्षेत्र के 327 घाटों, पोखरों और तालाबों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इनमें 24 प्रमुख छठ पूजा स्थल भी शामिल हैं। सभी घाटों पर सफाई से लेकर प्रकाश, पेयजल और सुरक्षा तक की व्यवस्था की जा रही है।
नगर निगम ने घाटों की संख्या के आधार पर जोनवार सफाई और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी तय की है। जोन एक में 58, जोन दो में 24, जोन तीन में 24, जोन चार में 69 और जोन पांच में सबसे अधिक 152 छठ घाट और पूजा स्थल हैं। सभी जगहों पर पर्याप्त डस्टबिन रखवाए जा रहे हैं, जिससे पूजा के दौरान कचरा इधर-उधर न फैले। घाटों की नियमित सफाई के लिए कर्मचारियों और सुपरवाइजरों की ड्यूटी लगाई गई है।

चेंजिंग रूम से लेकर पेयजल तक की व्यवस्था
व्रतियों की सुविधा के लिए घाटों पर चेंजिंग रूम बनाए जा रहे हैं। जरूरत के अनुसार मोबाइल टायलेट और पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पानी के टैंकरों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा घाटों और आसपास के रास्तों पर आकर्षक सजावट के साथ प्रकाश व्यवस्था भी की जा रही है, ताकि सुबह और शाम के अर्घ्य के दौरान श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।