डिजिटल डेस्‍क, पटना। संगठन में प्रोन्नति और कार्यकारी प्रभार कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे न केवल कर्मचारियों को आगे बढ़ने और अपनी क्षमता साबित करने का अवसर मिलता है, बल्कि संगठन की कार्यक्षमता भी मजबूत होती है।
इसी दिशा में बिहार सरकार पुलिस एवं गृह विभाग के अधिकारियों और कर्मियों को प्रोन्नति के अवसर प्रदान कर उनकी जिम्मेदारियां और कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इस कड़ी में वर्ष 2026 में 1 अप्रैल से अब तक विभिन्न संवर्गों के कुल 9,187 अधिकारियों और कर्मियों को कार्यकारी प्रभार (प्रोन्नति) दिया गया है। यह प्रमोशन इन पुलिसकर्मियों के करियर में एक नया मोड़ लाएगा। साथ ही, बिहार पुलिस की कार्यक्षमता और नेतृत्व क्षमता भी बढ़ेगी।