जागरण संवाददाता, अलीगढ़। भारतीय क्रिकेट टीम के सदस्य व अलीगढ़ के स्टार क्रिकेटर रिंकू सिंह शुक्रवार को अलीगढ़ आए। यहां महुआखेड़ा स्थित अलीगढ़ स्पोर्ट्स एसोसिएशन के मैदान पर पिच का पूजन किया। यह मैदान उनका होम ग्राउंड है। यहीं से प्रैक्टिस करते हुए उन्होंने भारतीय टीम में चयनित होने तक का सफर तय किया था।
पिच व स्टंप के ऊपर दीपक जलाकर प्रशिक्षु क्रिकेटर्स को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। हनुमान चालीसा, 21-21 रुपये व अन्य उपहार भी क्रिकेटर्स को दिए।
रिंकू सिंह ने प्रशिक्षु क्रिकेटर्स को नसीहत दी कि अगर क्रिकेट के खेल में आगे बढ़ना है तो निरंतर प्रैक्टिस व कड़ी मेहनत से कभी पीछे मत हटना। कहा कि भविष्य में आप में से कोई क्रिकेटर इस तरह पिच का पूजन करते हुए दिखेगा। क्रिकेटर्स ने आईपीएल व एशिया कप में शानदार प्रदर्शन करने पर रिंकू की सराहना की।