राज्य ब्यूरो, शिमला। दीपावली के अवसर पर हिमाचल की दो प्रमुख सहकारी विपणन संस्थाओं ने अपने कर्मचारियों को आर्थिक सौगात दी है। हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी विपणन एवं उपभोक्ता संघ (हिमफेड) ने कार्यरत और सेवानिवृत्त कर्मचारियों को वेतन संशोधन के एरियर के रूप में 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की है। ये पांच वर्षों से नहीं मिला था।
कार्यरत कर्मचारियों को पांच प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) भी मिलेगा। इससे करीब 365 कर्मचारियों व सेवानिवृत्तों को लाभ मिलेगा। वहीं कैलाश जिला सहकारी विपणन एवं उपभोक्ता संघ (केडीएफ) शिमला ने अपने कर्मचारियों को महंगाई भत्ता (डीए) और दिवाली बोनस देने का फैसला लिया है। दो सहकारी संस्थाओं के इन फैसलों से कर्मचारियों को त्योहार पर राहत मिली है।