जागरण संवाददाता, हरदोई। पापा, शाम सात बजे निकलेंगे। सुबह तक घर आ जाएंगे। गुरुवार शाम छह बजे बेटे रमेश के फोन पर कही ये बातें पिता हरिराम के कानों में अब भी गूंज रही हैं। घर में दीपावली की तैयारियां थीं। बेटे-बहू के आने की खुशी थी। तीन माह के पौत्र अभिमन्यु को पहली बार गोद में खिलाने की आस थी। बाबा की आंखें दरवाजे पर टिकी थीं। मगर सुबह बेटा नहीं आया।
आई तो तीन मौतों की मनहूस खबर। जिस घर में मासूम की किलकारियां गूंजने वाली थीं, वहां चीख-पुकार मच गई। दीपावली की खुशियां मातम में बदल गईं। एक हादसे ने तीन पीढ़ियों की खुशियां छीन लीं। बाबा की गोद सूनी रह गई। बेटे, बहू और पौत्र के एक साथ चले जाने से पूरा परिवार टूट गया। मूलरूप से सुरसा के सर्रा गांव निवासी रमेश कुशवाहा का परिवार शहर कोतवाली क्षेत्र के चांदबेहटा में रहता है।