संवाद सहयोगी, रामगढ़। साल 2000 में जब झारखंड अलग हुआ, रामगढ़ का किसान सिर्फ एक फसल जानता था - धान। मानसून आया तो फसल, नहीं आया तो पलायन। यहां की 58 प्रतिशत आबादी खेती पर निर्भर थी, पर सिंचाई सिर्फ 14.5 प्रतिशत खेतों में थी। 75 प्रतिशत किसान छोटे और सीमांत थे। बीज देशी, खाद कम, मंडी कोसों दूर। गोला, चितरपुर, दुलमी में किसान बैल और कुदाल से खेती करते थे।
जिले का कुल भौगोलिक क्षेत्र 1,37,602 हेक्टेयर है, इसमें शुद्ध खेती योग्य जमीन सिर्फ 20,667 हेक्टेयर है। क्रापिंग इंटेंसिटी 119 प्रतिशत है, यानी साल में एक से ज्यादा फसल लेने वाले किसान बढ़े हैं। गोला और चितरपुर में यह 260 प्रतिशत तक पहुंच गई है, जबकि मांडू-पतरातू में 85 प्रतिशत ही है।