जागरण संवाददाता, आगरा। धनतेरस पर शुभ मुहूर्त में खरीदारी की परंपरा से शुक्रवार को बाजार में धनवर्षा हुई। सराफा, आटोमोबाइल, बर्तन, इलेक्ट्रानिक, कपड़ा, गिफ्ट बाजार में सुबह से रात तक रौनक छाई रही। कारों और बाइकों की डिलीवरी हुई तो साेने व हीरे के आभूषणों संग चांदी के सिक्कों का बाजार भी खनका। चांदी की लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों, पूजा के बर्तन खरीदे गए। बर्तन बाजार भी गुलजार रहा। बर्तन खरीदने की परंपरा के चलते ग्राहकों ने चम्मच से लेकर डिनर सेट तक खरीदे। एक अनुमान के अनुसार धनतेरस पर 600 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ।
पांच दिवसीय दीपोत्सव की शुरूआत शुक्रवार को धनतेरस के साथ हो गई। त्योहारी सीजन में बाजार में पहले से छाई रौनक शुक्रवार को ग्राहकों के घर से बाहर निकलने से और बढ़ गई। खरीदारी से दुकानदारों के चेहरे भी खिले नजर आए। धनतेरस पर सबसे अधिक कारोबार सराफा, ऑटोमोबाइल और बर्तन बाजार में हुआ।