संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा। दीपावली पर लोगों की आवाजाही बढ़ने से मुख्यालय के कुमाऊं मोटर आनर्स यूनियन लिमिटेड, रोडवेज व टैक्सी स्टेंड में यात्रियों की भीड़ रही। बसों में सीट पाने के लिए यात्रियों में दिन भर होड़ मची रही। रोडवेज ने लंबे रूटों पर दो अतिरिक्त बसों का संचालन किया।
ज्योति पर्व दीपावली की पहली श्रृंखला धनतेरस पर नौकरीपेशा लोगों का अपने गृह क्षेत्र को रवाना होने का क्रम शुरू हो गया है। इसके चलते शुक्रवार को कुमाऊं मोटर आनर्स यूनियन लिमिटेड, रोडवेज स्टेशन तथा टैक्सी स्टेंड में दिन भर यात्रियों का जमावड़ा लगा रहा। कुछ को बमुश्किल बस मिली तो कुछ टैक्सियों में महंगा किराया देकर अपने-अपने गंतव्य को रवाना हुए।