जागरण संवाददाता, फतेहाबाद। जिले में प्रसव के दौरान महिलाओं और नवजात शिशुओं की मौत के मामलों को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग एक महीने तक विशेष अभियान चलाएगा। एक साल के दौरान जिले में दो साल में डिलीवरी के दौरान 50 महिलाओं और 23 शिशुओं की मौत हो चुकी है। इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने गर्भवती महिलाओं को समय पर अस्पताल पहुंचाने और सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करने की योजना बनाई है।
यह अभियान 16 नवंबर से शुरू होगा। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें गर्भवती महिलाओं और उनके स्वजन को जागरूक करेंगी। वहीं, आशा वर्करों की जिम्मेदारी तय की जाएगी कि वे प्रसव की संभावित तिथि से पहले ही गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
स्वास्थ्य विभाग के सामने बड़ी चुनौती यह है कि कई बार गर्भवती महिलाओं को प्रसव पीड़ा शुरू होने या स्थिति गंभीर होने के बाद अस्पताल लाया जाता है। ऐसे में समय पर उपचार और डाक्टरी सहायता मिलने में देरी हो सकती है।