संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा। धनतेरस पर अल्मोड़ा जनपद के बाजारों में जमकर धनवर्षा हुई। सुबह से देर शाम तक बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़ी रही। लोगों ने परंपरा के अनुसार सोने-चांदी के आभूषण, बर्तन और अन्य घरेलू सामान की खरीदारी की। वहीं, दोपहिया और चौपहिया वाहनों, इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरणों तथा फर्नीचर की भी खूब बिक्री हुई।
व्यापारियों के अनुसार इस बार पिछले वर्ष की तुलना में कारोबार बेहतर रहा। धनतेरस पर जनपद में करीब 34.78 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार होने का अनुमान है। इससे व्यापारियों के चेहरे खिले रहे। शुक्रवार सुबह से ही नगर के बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की आवाजाही शुरू हो गई थी।