संवादसूत्र जागरण, बरालोकपुर। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बस में वीवो मोबाइल कंपनी के इंजीनियर नितेश त्रिपाठी निवासी सहजनवां थाना सहजनवां गोरखपुर की अचानक तबीयत बिगड़ गई।
यूपीडा की एंबुलेंस से उन्हें सैफई स्थित आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय के अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। चिकित्सकों ने हृदयगति रुकने से मौत होने की आशंका जताई है।

जानकारी के अनुसार, करीब 30 यात्रियों से भरी निजी बस गोरखपुर जा रही थी। नितेश दिल्ली से घर जाने के लिए आगरा में बस में सवार हुए थे। वुधवार रात करीब 11 बजे बस ऊसराहार थाना क्षेत्र में दुढहा पुल के पास चैनल नंबर 123 पर बस पहुंची, तभी उनकी तबीयत बिगड़ गई। चालक दिनेश कुमार ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।

यूपीडा की एंबुलेंस से नितेश को सैफई ले जाया गया। जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सहायक सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई और स्वजन को सूचना दी। नितेश के भाई अमित त्रिपाठी ने बताया कि 33 वर्षीय नितेश दिल्ली के सूरजपुर स्थित वीवो मोबाइल कंपनी में प्रोडक्शन इंजीनियर थे। तीन भाइयों में वह दूसरे नंबर के थे। मौत की खबर मिलने पर स्वजन गोरखपुर से सैफई के लिए रवाना हो गए।