जागरण संवाददाता, रोहतक। महम के खरकड़ा गांव में एक 53 वर्षीय व्यक्ति पर कुत्तों ने हमला कर दिया। जिसके बाद उन्हें रोहतक पीजीआइएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। फिलहाल, पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर स्वजन को सौंप दिया है। पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में मामला कुत्तों के काटने के चलते मौत का लग रहा है।मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान जयबीर सिंह के रूप में हुई है।
वह शुगर मिल में काम करते थे। 3 नवंबर की सुबह घर से ड्यूटी के लिए निकले थे। इसके बाद रात तक घर नहीं पहुंचे। 4 नवंबर की सुबह करीब 4.30 बजे ग्रामीणों ने स्वजनों को सूचना दी कि जयबीर सिंह गांव के बस अड्डे पर घायल अवस्था में पड़े हुए हैं। जिसके बाद स्वजन मौके पर पहुंचे और उन्हें रोहतक पीजीआइएमएस में भर्ती कराया।