अमरेंद्र कांत, किशनगंज। शहर में किस व्यक्ति के नाम कितनी जमीन है, उस पर मकान बना है या प्लॉट खाली है, इसकी जानकारी अब एक क्लिक पर उपलब्ध होगी। किशनगंज नगर परिषद के सभी 34 वार्डों में कराए गए संपत्ति सर्वे के बाद डिजिटल सूची तैयार की गई है।
इसमें 18,736 भवन और करीब नौ हजार खाली जमीन के प्लाट चिह्नित किए गए हैं। बिहार ई-प्रॉपर्टी वेबसाइट पर यह विवरण जल्द सार्वजनिक किया जाएगा। इससे संपत्ति के मालिक का नाम, जमीन और मकान का विवरण तथा रजिस्ट्री से जुड़ी जानकारी प्राप्त करना आसान होगा।