डिजिटल डेस्‍क, लखनऊ। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के साथ उत्तर प्रदेश को विकास के नए आयामों तक पहुंचाने के लिए योगी सरकार अब ग्राम पंचायतों में तकनीक आधारित नियोजन को बढ़ावा देने जा रही है। प्रदेश की करीब 58 हजार ग्राम पंचायतें मिलकर विकसित उत्तर प्रदेश के विकास का रोडमैप तैयार करेंगी।
इसके लिए ग्राम पंचायत स्तर पर साक्ष्य आधारित और सैचुरेशन आधारित योजना तैयार करने की प्रक्रिया को तकनीक से जोड़ा जा रहा है। ग्राम्य विकास विभाग की इस पहल के तहत अधिकारियों और कर्मचारियों को संबंधित सॉफ्टवेयर तथा पोर्टल के उपयोग में दक्ष बनाया जाएगा, ताकि गांवों के विकास की योजनाएं अधिक प्रभावी और जनोपयोगी बन सकें।