संवाद सूत्र , बखिरा, (संतकबीर नगर)। नपं बखिरा के वार्ड नंबर तीन स्थित बूंदीपार की दलित बस्ती के लोगों का दशकों पुराना इंतजार अब खत्म होने की उम्मीद जगी है। आजादी के बाद पहली बार बस्ती तक पक्की सड़क पहुंचने का रास्ता साफ हुआ है। करीब 30 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क और पुल का निर्माण कराया जाएगा। इससे बस्ती के लोगों को आवागमन की समस्या से निजात मिलेगी।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, करीब तीन वर्ष पहले बूंदीपार काली मंदिर से 100 मीटर आगे तक और दलित बस्ती की ओर 100 मीटर तक इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कराया गया था। लेकिन दोनों हिस्सों के बीच करीब 100 मीटर सड़क छोड़ दी गई थी। इससे बस्ती तक संपर्क मार्ग अधूरा रह गया। रास्ता नहीं होने से लोगों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ती थी। बरसात के दिनों में स्थिति और बदतर हो जाती थी। किसी के बीमार पड़ने पर उसे अस्पताल पहुंचाने के लिए खाट पर लादकर ले जाना पड़ता था।

नगरवासी बोले अब दूर होगी आवागमन की परेशानी
जवाहिर ने कहा सड़क और पुल निर्माण शुरू होने से हम सभी बहुत खुश हैं। वर्षों से बस्ती के लोग रास्ते की समस्या झेल रहे थे। बरसात में पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता था। निर्माण पूरा होने से बड़ी राहत मिलेगी।

प्रियंका देवी ने बताया कि आजादी के बाद से ही हमारी बस्ती में पक्के रास्ते की समस्या बनी हुई है। सड़क नहीं होने से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को काफी परेशानी होती है। अब सड़क बनने से बस्ती के विकास को नई गति मिलेगी।