जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी में अपराधियों का दुस्साहस लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार की अहले सुबह कांके थाना क्षेत्र के प्रेम नगर में अपराधियों ने कोयला कारोबारी संजय करमाली के आवास पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी।
हमलावरों ने घर के मुख्य दरवाजे के ऊपर आधा दर्जन से अधिक राउंड गोलियां चलाईं। सुबह करीब चार बजे गोलियों की आवाज से पूरा इलाका गूंज उठा। अचानक हुई फायरिंग से आसपास के लोग सहम गए। जब तक घर के लोग और स्थानीय लोग बाहर निकलते, अपराधी मौके से फरार हो चुके थे।