सत्येंद्र दुबे, बटेश्वर (आगरा)। उत्तर भारत के प्रसिद्ध बटेश्वर पशु एवं लोक मेले की तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। गुरुवार को जिला पंचायत आगरा के अधिकारियों ने बटेश्वर पहुंचकर मेला स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अपर मुख्य अधिकारी मुकेश जैन ने बताया कि मेला 11 नवंबर से शुरू होकर 28 नवंबर तक चलेगा। मेले का उद्घाटन 11 नवंबर को होगा।
इस अवसर पर यमुना तट पर भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। मेले में इस बार भी लोक संस्कृति और परंपराओं का संगम देखने को मिलेगा। दंगल, कवि सम्मेलन, खेल प्रतियोगिताओं, रसिया, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से मेले में रौनक बिखरेगी। पशु मेले के साथ लोक आयोजनों को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं।