डिजिटल डेस्क, लखनऊ: राजधानी लखनऊ के सआदतगंज में नौबस्ता के ब्राह्मणी टोला में 26 अक्टूबर को कार पार्किंग और चबूतरे के विवाद में तिहरे हत्याकांड से पीड़ित परिवार से मिलने पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा शुक्रवार को पहुंचे। उन्होंने मृतक शिवाजी तिवारी की पत्नी ऊषा तिवारी से मिलने के बाद उनको उचित न्याय का आश्वासन दिया।
डीजीपी राजीव कृष्णा शुक्रवार को ब्राह्मणी टोला पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना करने के बाद पीड़ित परिवार से मुलाकात की। मृतक शिवाजी तिवारी की पत्नी ऊषा तिवारी को उन्होंने उचित न्याय का आश्वासन दिया। डीजीपी ने कहा कि इस केस की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई होगी और आरोपी को कड़ी सजा मिलेगी। उन्होंने परिवार को पूरी सुरक्षा का भरोसा भी दिया। ऊषा तिवारी ने राजेश शुक्ला उर्फ तुन्नू और उसके चचेरे भाई रविंद्र शुक्ला के एनकाउंटर के साथ ही मुख्य आरोपित ऋषभ शुक्ला को फांसी देने की मांग की।