जागरण संवाददाता, देहरादून। दीपावली के त्योहारी सीजन में उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों का संचालन चरमराने के आसार हैं। तीन माह के लंबित वेतन व विभिन्न मांगों को लेकर उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन व परिवहन निगम प्रबंधन के बीच गुरुवार को हुई वार्ता विफल हो गई।
निगम मुख्यालय में प्रबंध निदेशक रीना जोशी व तीनों महाप्रबंधकों की मौजूदगी में यूनियन पदाधिकारियों के साथ करीब साढ़े तीन घंटे चली बैठक में किसी भी प्रमुख मांग पर सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद यूनियन ने शुक्रवार सुबह छह बजे से प्रदेशभर में बेमियादी कार्यबहिष्कार का निर्णय लिया है।