डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत की रक्षा तैयारियों और स्वदेशी रक्षा निर्माण को एक बड़ा बूस्ट देते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में 26 अक्तूबर को रक्षा अधिग्रहण परिषद की एक अहम बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में भारतीय थल सेना, नौसेना और वायु सेना के लिए लगभग 2.12 लाख करोड़ रुपये के पूंजी अधिग्रहण प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई है।
सरकार की आत्मनिर्भर भारत पहल को बढ़ावा देते हुए इस पूरी खरीद प्रक्रिया में घरेलू रक्षा उद्योग पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया है। कुल मंजूर किए गए प्रस्तावों में से लगभग 82 प्रतिशत खरीद भारतीय उद्योगों से किए जाने की उम्मीद है, जिससे मेक-इन-इंडिया रक्षा मैन्युफैक्चरिंग को अभूतपूर्व मजबूती मिलेगी।