जागरण टीम, हमीरपुर। हमीरपुर की 46 सहकारी समितियों में सचिवों की हड़ताल के चलते सोमवार को ताले लटके रहे। सुबह डीएपी खाद मिलने की उम्मीद लेकर समितियों पर पहुंचे किसानों को निराश होकर लौटना पड़ा। समितियों में खाद उपलब्ध होने के बावजूद वितरण ठप है। इससे रबी की बोआई के बीच किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
मजबूरी में किसानों को निजी दुकानों से खाद खरीदनी पड़ रही है। जहां उन्हें प्रति बोरी करीब 200 रुपये अधिक चुकाने पड़ रहे हैं। हमीरपुर में तैनात 38 सचिवों की हड़ताल 22 अक्टूबर से जारी है। इसके चलते किसानों को गेहूं और चने की बोआई के लिए डीएपी खाद मिलने में परेशानी हो रही है।