डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को चंडीगढ़ स्थित पंजाब कांग्रेस भवन में पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और पंजाब प्रभारी सचिन पायलट ने वरिष्ठ नेताओं के साथ दिनभर बैठकें कीं। इसके बाद प्रेसवार्ता में दोनों नेताओं ने दावा किया कि कांग्रेस पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगी और पंजाब में सरकार बनाएगी। उन्होंने चार नवंबर को संगरूर में राहुल गांधी की प्रस्तावित रैली को पंजाब में बदलाव की शुरुआत बताया।