जागरण संवाददाता, भदोही। नवरात्र, दशहरा, भरत मिलाप के बाद अब दीपावली का इंतजार है। इसके लिए हर तरफ तैयारियां चल रही हैं। हालांकि दीपावली के दौरान पटाखों का अत्यधिक उपयोग जहां पर्यावरण के लिए हानिकारक होता है वहीं इससे होने वाले खतरे को लेकर लोग चिंतित हैं।
पर्यावरण संरक्षण को लेकर संवेदनशील लोगों द्वारा पटाखे की रोकथाम के लिए अभी से प्रयास शुरू कर दिया गया है। इस क्रम में सोमवार को जनपद के वरिष्ठ सीए एके ठुकराल के नेतृत्व में स्टेशन रोड निर्यात भवन परिसर में न सिर्फ जागरूकता अभियान चलाया गया बल्कि ठुकराल कैपिटल मार्केट के कर्मचारियों ने त्योहार के दौरान पर्यावरण को हानि पहुंचाने वाले पटाखों से दूरी बनाने की शपथ ली। कहा कि खतरनाक पटाखों के बजाए ग्रीन पटाखों का न सिर्फ स्वयं उपयोग करेंगे बल्कि अन्य लोगों को भी प्रेरित किया जाएगा।