आशीष सिंह, धनबाद। अंग्रेजी के कठिन शब्द हों या गणित के जटिल सवाल, धनबाद के राजकीयकृत मध्य विद्यालय बरमसिया में बच्चों के लिए अब इन्हें समझना पहले की तरह मुश्किल नहीं रहा।   यहां पढ़ाई का तरीका बदला तो विषयों को सीखना भी आसान और रोचक हो गया। रटने और कठिन अभ्यास के स्थान पर खेल, आसपास की चीजों, चित्रों और सहपाठियों के सहयोग से सीखने की पद्धति अपनाई गई।   इसका असर बच्चों की भाषा समझने, गणना करने और अपनी बात आत्मविश्वास से रखने की क्षमता में दिखाई देने लगा है। विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका मुनमुन भट्टाचार्य ने अपने इन नवाचारों से साबित किया है कि पढ़ाई को सरल बनाने के लिए महंगे संसाधनों से अधिक जरूरी बच्चों की जरूरतों के अनुरूप शिक्षण पद्धति तैयार करना है।   इन्हीं प्रयासों के लिए उनका चयन राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए हुआ और पांच सितंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उन्हें सम्मानित किया। आठवीं कक्षा तक संचालित इस विद्यालय में 500 से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।