राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में दसवीं और बारहवीं की बोर्ड परीक्षाओं में खराब प्रदर्शन वाले सरकारी स्कूल सरकार के रडार पर हैं। बोर्ड परीक्षा परिणाम सुधारने के लिए शिक्षा विभाग ने मिशन ‘सफलता’ शुरू किया है। प्रत्येक ब्लॉक में सबसे कमजोर तीन स्कूलों की पहचान कर यहां पढ़ाई का स्तर सुधारने पर फोकस किया जाएगा।
मिशन ‘सफलता’ (स्टूडेंट अचीवमेंट फोकस्ड एकेडमिक लर्निंग टारगेटेड एक्शन प्लान) के तहत विभाग के प्रधान सचिव विजय सिंह दहिया ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (डीईओ) को मिशन को प्राथमिकता के आधार पर लागू करने और कमजोर प्रदर्शन करने वाले स्कूलों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए हैं।