जागरण संवाददाता, आगरा। यमुना नदी के अलग-अलग घाटों पर आवागमन की सुविधा बहाल करने के लिए पांच पांटून पुलों के निर्माण, मरम्मत और अनुरक्षण के लिए लोक निर्माण विभाग ने 62.38 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इसके तहत पुल का निर्माण मरम्मत और हटाने का कार्य किया जाएगा। मौसम खराब होने और अव्यवस्थाओं के चलते हटाए गए पांटून पुलों को दोबारा तैयार कराया जाएगा।
काम सोमवार से शुरू होना प्रस्तावित है। लक्ष्य दीपावली तक पुलों को तैयार करने का है। इन पुलों के बनने से यमुना के दोनों ओर बसे गांवों के लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी और कई जगहों पर दूरी भी कम होगी। एत्मादपुर से भाजपा विधायक धर्मपाल सिंह ने बताया कि पांटून पुलों के लिए धनराशि स्वीकृत हो गई है। इनमें पोइया घाट का पुल सबसे ज्यादा जरूरी है।