जागरण संवाददाता, चुनार (मीरजापुर)। विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह ने कहा कि समान नागरिक संहिता लागू होने पर ही भारत सही मायने में धर्मनिरपेक्ष और पंथनिरपेक्ष राष्ट्र कहलाएगा। धर्म, जाति और मजहब से परे विवाह, तलाक, विरासत और भरण-पोषण जैसे मामलों में समान कानून से संवैधानिक समानता और महिलाओं के अधिकारों को मजबूती मिलेगी।
इससे राष्ट्रीय एकता मजबूत होने के साथ न्याय प्रक्रिया भी सरल होगी। वह रविवार को मुंदीपुर स्थित नैनागढ़ पैलेस में संवैधानिक एवं संसदीय अध्ययन संस्थान की उत्तर प्रदेश शाखा की ओर से आयोजित दो दिवसीय विचार गोष्ठी के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विभिन्न पर्सनल लॉ में महिलाओं के अधिकारों में असमानता दूर करना जरूरी है।