डॉ. संदीप शर्मा, धौलपुर (आगरा)। शहर में एक विचित्र मामला सामने आया है। जिसमें खुद नाबालिग बेटे ने ताजमहल घूमने की चाहत में पैसे कम पड़ने पर खुद के अपहरण हो जाने की कहानी रच डाली। इसके बाद बेटे ने पिता को कॉल करवा कर 20 हजार रुपए की फिरौती मंगवाई। कोतवाली पुलिस ने इस मामले का भंडाफोड़ करते हुए नाबालिग बच्चे को बरामद कर लिया है।
कोतवाली थाना प्रभारी रामकिशन यादव ने बताया कि धौलपुर शहर की मधुवन कॉलोनी से लापता हुए नाबालिग बालक को शहर की कोतवाली थाना पुलिस ने महज 24 घंटे में बरामद कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है बालक अपने दोस्त के साथ बिना बताए आगरा स्थित ताजमहल घूमने गया था। वहां घूमने के लिए रुपये कम पड़ने पर दोस्तों के साथ मिलकर अपहरण और फिरौती की झूठी कहानी रची गई।