डिजिटल डेस्क, रायपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने मुस्लिम समुदाय के प्रति संघ के दृष्टिकोण को स्पष्ट करते हुए कहा कि जो भारत को अपना मानता है, उसकी प्रगति में सहभागी बनता है और देश की उन्नति से खुश होता है, संघ उसके साथ भारतीय के रूप में व्यवहार करता है। ऐसा इसलिए, क्योंकि संघ धर्म और प्रांत के आधार पर भेदभाव को नहीं, देश के प्रति व्यक्ति के भाव और व्यवहार को महत्वपूर्ण मानता है।
डॉ. भागवत ने यह बात रविवार को जबलपुर के श्रीराम इंजीनियरिंग कालेज में आयोजित संघ के महाकोशल प्रांत के युवा शिविर के जिज्ञासा समाधान सत्र में किए गए प्रश्न के उत्तर में कही। इस दौरान युवाओं ने उनसे संघ की विचारधारा, सामाजिक विषयों और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों से जुड़े सवाल पूछे।