जागरण संवाददाता, मथुरा। प्रेमी के साथ घर से फरार होकर शादी करने वाली युवती की गला दबाकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद स्वजन ने शव को नई बस्ती स्थित कब्रिस्तान में दफना दिया। राजस्थान के झुंझुनूं जिले के पचेरी कलां निवासी पति की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच की। इसके बाद युवती के भाई को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि अन्य स्वजन फरार बताए गए हैं।
करीब डेढ़ माह पहले गोविंद नगर के नई बस्ती निवासी नाजिया अपने प्रेमी रविंद्र के साथ घर से चली गई थी। दोनों ने शादी कर ली और दिल्ली में रहने लगे। करीब 15 दिन बाद युवती के घरवाले उसे समझाकर वापस ले आए। उन्होंने आश्वासन दिया था कि दोनों की शादी धूमधाम से कराई जाएगी। आरोप है कि युवती के घर लौटने के बाद उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई और शव को कब्रिस्तान में दफना दिया गया।