जागरण संवाददाता (चोलापुर) वाराणसी। चोलापुर में रविवार को चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन करने की तैयारी कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। धरसौना स्थित कांग्रेस कार्यालय से अजगरा विधानसभा प्रभारी राजीव कुमार राजूराम, जिला महासचिव वीरेंद्र प्रताप सिंह, जिला महासचिव रमेश सिंह और न्याय पंचायत अध्यक्ष सागर चौहान को पुलिस चोलापुर थाने ले गई।
वहीं, चोलापुर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मनोज कुमार चौबे को दानगंज पुलिस चौकी पर बैठाया गया। बाद में थाने पहुंचे अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी पुलिस ने हिरासत में लेकर बैठा दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अनुसार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में रविवार को विकासखंड चोलापुर कार्यालय के सामने चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन करने का कार्यक्रम प्रस्तावित था।