राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य में सड़कें केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि जीवनरेखा हैं। वर्ष 2023 की आपदा में मंडी, कुल्लू और चंबा सहित कई जिलों में सड़क संपर्क लंबे समय तक बाधित रहा। कोलतार की सड़कें पानी सोखने और जलभराव के कारण उखड़ने लगती हैं। भूस्खलन और सड़कों की मरम्मत पर हर साल 100 से 200 करोड़ रुपये तक का बोझ पड़ता है। 

इसे देखते हुए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने जलवायु अनुकूल सड़कों का रोडमैप तैयार किया है। इसके तहत पहाड़ों में परंपरागत बिटुमिन (कोलतार) के विकल्प के रूप में सीमेंट कंक्रीट और वेस्ट प्लास्टिक मिश्रित तकनीक से टिकाऊ सड़कें बनाने पर जोर दिया जाएगा।