संवाद सहयोगी, कुल्लू। देवभूमि कुल्लू के ऐतिहासिक ढालपुर मैदान में चल रहे अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव में रविवार को शिव परिवार का अद्भुत देव मिलन देखने को मिला। देवता बिजली महादेव, देवता कार्तिक स्वामी, माता पार्वती और गणपति महाराज एक साथ मिले तो पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। इस अलौकिक दृश्य को देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। 

माता-पुत्र और दोनों भाइयों के मिलन के भावुक क्षणों को देखकर हारियान भी भाव-विभोर हो उठे। देवता कार्तिक स्वामी अपने अस्थायी शिविर से हारियानों के साथ माता पार्वती के स्थायी शिविर पहुंचे। यहां माता और पुत्र का भावपूर्ण देव मिलन हुआ।