डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बंगाल की खाड़ी में बन रहे लो-प्रेशर एरिया को देखते हुए देश के कई हिस्सों में अगले छह दिनों तक भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। मौसम में हो रहे इस बदलाव का असर दक्षिण भारत के राज्यों के साथ-साथ उत्तर-पश्चिम भारत और पहाड़ी क्षेत्रों में भी दिखेगा।
दिल्ली-एनसीआर में 23 अक्टूबर तक मौसम साफ रहने के बाद 24 और 25 अक्टूबर को हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं, 23 से 26 अक्टूबर के बीच जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड, दिल्ली-एनसीआर, पंजाब और हरियाणा, चंडीगढ़ सहित उत्तर-पश्चिम भारत के कई मैदानी व पहाड़ी इलाकों में आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की संभावना है।