जागरण संवाददाता, मीरजापुर। पहाड़ी ब्लॉक के ग्राम पंचायत बेलवन के कहुआ गांव स्थित एक तालाब में मंगलवार को 4 फीट लंबा मगरमच्छ दिखाई दिया। आबादी के बीचोंबीच अचानक मगरमच्छ के दिखने से पूरे इलाके में डर का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को इसकी जानकारी दी।
मगरमच्छ के गांव तक आने पर उठ रहे सवाल
स्थानीय निवासी शिवशंकर पटेल ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि यह मामला बेहद हैरान करने वाला है। गांव के पास स्थित इस तालाब से गंगा नदी और अन्य मुख्य नदियां लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर हैं। इसके अलावा आसपास कोई बड़ा जलस्रोत भी नहीं है। ऐसे में यह सवाल बना हुआ है कि यह मगरमच्छ इतनी दूर से और रिहायशी इलाके को पार करते हुए इस छोटे से तालाब तक आखिरकार कैसे पहुंचा।