जागरण टीम, कुल्लू। देशभर में जहां विजयदशमी पर रावण दहन के साथ दशहरा उत्सव का समापन होता है, वहीं देवभूमि कुल्लू में एक दिन बाद सात दिवसीय अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव का आगाज होता है। यहां न तो श्रीरामलीला का मंचन होता है और न ही रावण का पुतला जलाया जाता है। 

कुल्लू की पहचान है देव मिलन की सदियों पुरानी परंपरा, जिसमें 300 से अधिक देवी-देवता भगवान रघुनाथ जी के दरबार में हाजिरी भरने पहुंचते हैं। यही अनूठी परंपरा कुल्लू दशहरे को देश के अन्य दशहरा उत्सवों से अलग पहचान दिलाती है।