राज्य ब्यूरो, जागरण देहरादून। उत्तराखंड के पहाड़ अब युवाओं के लिए सिर्फ पर्यटन की संभावनाएं ही नहीं, बल्कि स्वरोजगार की नई उड़ान का माध्यम भी बनेंगे।इसी के दृष्टिगत प्रदेश में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ ही स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद (यूटीडीबी) पैराग्लाइडिंग प्रशिक्षण पर भी जोर दे रही है।
यूटीडीबी अब तक 141 युवाओं को पैराग्लाइडिंग का प्रशिक्षण दे चुकी है और इन्हें व्यावहारिक अनुभव देकर व्यावसायिक गतिविधियों के लिए तैयार किया जा रहा है। इस क्रम में पौड़ी जिले के बिलखेत में इन दिनों संचालित उड़ान अभ्यास में 17 युवा हिस्सा ले रहे हैं। उन्हें वास्तविक परिस्थितियों में उड़ान भरने और पैराग्लाइडिंग संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।