जागरण संवाददाता, अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में बाल स्वरूप रामलला की दिनचर्या के अनुरूप विश्राम की अवधि बढ़ाई जायेगी। दोपहर भोग के बाद दोपहर एक से दो बजे तक विश्राम देने पर सहमति बनी है।
धार्मिक समिति के सदस्यों ने शुक्रवार को ट्रस्ट के महासचिव स्वामी गोविंददेव गिरि के समक्ष यह प्रस्ताव रखा था। इस पर महासचिव ने सहमति दी है।
रामलला का जागरण सुबह चार बजे होता है। पर्वों और मेलों में श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण मध्याह्न भोग के बाद उन्हें केवल 10 से 15 मिनट ही विश्राम मिल पाता है। बाल स्वरूप की मान्यता के अनुरूप अब दोपहर में एक घंटे के विश्राम की व्यवस्था की जाएगी।