जागरण संवाददाता, अलीगढ़। दशहरा पर्व पर मंगलवार को श्रीरामचंद्र जी महाराज की सिंहासन शोभायात्रा और मां काली की सवारी के मद्देनजर शहर में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। अचलताल स्थित रामलीला मैदान से दोपहर एक बजे शोभायात्रा शुरू होगी। इसके चलते शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
यातायात पुलिस ने भारी वाहनों के लिए बाहरी डायवर्जन लागू करने के साथ ही नुमाइश मैदान में रावण वध देखने आने वाले लोगों के वाहनों की पार्किंग के इंतजाम भी किए हैं। श्रीरामलीला गौशाला कमेटी के तत्वावधान में निकलने वाली शोभायात्रा आर्यसमाज रोड, मदारगेट चौराहा, गांधीपार्क और मामूभांजा होते हुए मीरुमल चौराहे पहुंचेगी। यहां मामूभांजा स्थित श्री राधामोहन मंदिर से मां काली की सवारी भी इसमें शामिल होगी।