जागरण संवाददाता, मनाली। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट बदल ली है। लाहुल स्पीति में भारी बर्फबारी हुई है। रोहतांग सहित शिंकुला, बारालाचा और कुंजम दर्रे में भारी हिमपात हुआ। लगातार बर्फबारी के कारण सभी दर्रों पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है। लेह जा रहे सभी वाहनों को पुलिस ने दारचा में रोक दिया गया। शिंकुला की ओर भी वाहनों की आवाजाही बंद कर दी। जिला चंबा के साच पास में बर्फबारी से आवाजाही बंद है। धर्मशाला से सटी धौलाधार की पहाड़ियों में भी भारी हिमपात हुआ है।