जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले के आरा शहर में गुरुवार की सुबह हथियारबंद अपराधियों ने क्षत्रीय कल्याण संगठन के अध्यक्ष रामकुमार सिंह की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। वारदात नवादा थाना क्षेत्र के महाराजा हाता-स्टेशन रोड इलाके में जैन कालेज के पास हुई। शरीर में सात-आठ जगह गोलियों के निशान पाए गए हैं। घटनास्थल से पांच-छह खोखा मिला है।
जानकारी के अनुसार, 70 वर्षीय रामकुमार सिंह गुरुवार की सुबह घर से टहलने निकले थे। इसी दौरान जैन कालेज के पास हथियारबंद अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से जख्मी होकर गिर पड़े। इसके बाद स्थानीय लोग उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।