जागरण संवाददाता, अलीगढ़। बरसात से धनीपुर मंडी में भीगे धान के भाव कम मिलने से किसानों को घाटा हो रहा हैं। मंगलवार को भीगे धान का दाम 3450 रुपये प्रति कुंतल रहा। कम भाव मिलने के कारण कुछ किसान धान लेकर लौट गए, तो कुछ घाटे में बेच गए। अभी मंडी में 40 हजार कुंतल धान लोडिंग होने के इंतजार में है। माल अधिक आने के कारण लोडिंग न होने के कारण मंगलवार को मंडी बंद रही।
बुधवार को मंडी सामान्य दिनों की तरह खुलेगी। मौसम साफ रहने के कारण आवक बढ़ने की संभावना है। सोमवार को बरसात के कारण मंडी में रखा हुआ धान भीग गया था। इससे उसका रंग बदल गया। बारसात से पहले कंबाइन से निकले सूखे धान का भाव 3700 और हाथ के निकाले गए धान का भाव 4200 रुपये प्रति कुंतल था। लेकिन भीगने पर भाव नहीं मिल सका।